समुद्र कचरे की सफाई के दौरान दो गोताखोरों के हाथ लगा सोने के सिक्कों का विशाल खजाना



मैड्रिड: नीले समुद्र की गहराई में जाने कितने रहस्य छिपे होते हैं। कुछ पर वैज्ञानिक रिसर्च करते रहते हैं, तो कभी कोई यूं ही इनसे टकरा जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ स्पेन में दो डाइवर्स के साथ। अलिकांटे में ये दोनों समुद्र के तले से कचरा निकाल रहे थे और अचानक इनके हाथ आ लगे सोने के सिक्के। इनकी किस्मत का पिटारा इतने पर ही नहीं खुला। 

दरअसल, ये सिक्के चौथी शताब्दी के हैं और तब से अनछुए पड़े हैं। प्राचीन इतिहास की इस खोज ने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। करीब 1500 साल पहले ये 53 सिक्के यहां दुश्मन से बचाने के इरादे से रखे गए होंगे। लूई लेंस और सेजर जमीनो शाबिया नाम की जगह पर समुद्र में 7 मीटर नीचे कचरा साफ कर रहे थे। तभी उन्हें लगा कि यहां 10 सेंट का सिक्का पड़ा है। यह एक गड्ढे में था। इसे नाव पर लाकर देखा तो इस पर ग्रीक या रोमन चेहरा नजर आया। इसके बाद दोनों उसी जगह पर लौटे जहां इन्हें यह सिक्का मिला था और दो घंटे तक खुदाई करते रहे।

यूनिवर्सिटी ऑफ अलिकांटे के जैमी मोलीना ने बताया कि स्पेन या यूरोप में मिला यह सबसे ज्यादा रोमन सिक्कों वाला खजाना है। उनका कहना है कि इस खोज की मदद से पश्चिमी रोमन साम्राज्य के निर्णायक काल के बारे में और ज्यादा जानने में अहम मदद मिल सकती है। यूनिवर्सिटी के एक्सपर्ट्स ने तीन सिक्कों की पहचान की है जिन पर रोमन राजा वैलेंटीनियन प्रथम की तस्वीर है, 7 पर वैलेंटीनियन द्वितीय, 15 पर थियोडोसस, 17 पर आरकैडियो और 10 पर होनोरियस की तस्वीर है। 

मोलीना का कहना है कि यहां किसी डूबे हुए जहाज का मलबा नहीं मिला है। ऐसे में हो सकता है कि एलन जैसे किसी दुश्मन से बचने के लिए जानबूझकर इस खजाने को यहां छिपाया गया हो। इससे यह भी समझ आता है कि रोमन साम्राज्य में किस तरह का डर था। उन्हें अपने भविष्य की चिंता थी और स्पेन में हिंसा का डर था। इन सिक्कों को अब एक स्थानीय म्यूजियम में प्रदर्शनी के लिए रखा जाएगा। शाबिया की खाड़ी को पुरातत्व खोजों के लिहाज से अहम माना जाता है। यहां पहले भी कई चीजें खोजी जा चुकी हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

1 टिप्पणियाँ