टोक्यो: जापान की राजकुमारी माको राजवंश से बाहर एक आम नागरिक से शादी करेंगी। अपने बॉयफ्रेंड के लिए माको 7 बार अपनी शादी तोड़ चुकी है। उन्हें शाही परिवार की ओर से करीब 9.10 करोड़ रुपये (13.70 करोड़ येन) का हर्जाना मिलने वाला था, लेकिन माको ने इसे लेने से इनकार कर दिया है। राजकुमारी माको (29) जापान के मौजूदा राजा नारूहितो के भाई राजकुमार आकिशिनो की बेटी हैं। 

उन्होंने अपने प्रेमी कोमुरो से शादी करने का फैसला किया है। शादी के बाद वह अमेरिका में बसने की तैयारी में हैं। यह शादी कब होगी, यह अभी सामने नहीं आया है। हालांकि, शाही परिवार भी इस शादी के लिए मान गए हैं। राजकुमारी माको के प्रेमी कोमुरो अमेरिका में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं। कोमुरो को लेकर बताया गया है कि वह स्कीईंग, वायलिन बजाने और कुकिंग के शौकीन हैं। समुद्र तटों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वह बतौर 'प्रिंस ऑफ द सी' काम करते हैं। 

माको ने कहा कि हमारे लिए दिलों के सम्मान और जिंदगी जीने के लिए शादी एक आवश्यक विकल्प है। उन्होंने कहा हम दोनों एक दूसरे से अलग नहीं हो सकते हैं और बुरे समय में एक दूसरे को सहारा दे सकते हैं। राजकुमारी माको के प्रेमी केई कोमुरो ने दिसंबर 2013 में एक डिनर के दौरान उन्हें शादी का प्रस्ताव दिया। दोनों ने अपने प्यार को लंबे समय तक छिपाकर रखा। फिर राजकुमारी ब्रिटेन में पढ़ाई करने चली गई।  

सन 2017 में माको ने ऐलान किया कि वह नवंबर 2018 में शादी करने वाली हैं, लेकिन इस महीने उन्होंने शादी को 2020 तक के लिए स्थगित कर दिया गया। माको अपने प्रेमी कोमुरो से इतना प्यार करती हैं कि उन्होंने इससे पहले अपने लिए आए शादी के 7 प्रस्तावों को ठुकरा दिया। राजुकमारी माको की बुआ राजुकमारी सयाको राजघराने की आखिरी सदस्य थीं, जिन्होंने 'राजकुमारी' की पदवी को लौटाया था। सन 2005 में राजुकमारी सयाको ने राजधानी टोक्यो के एक अधिकारी संग ब्याह रचाया। दोनों एक दूसरे के साथ पढ़ते थे, इस दौरान दोनों करीब आए और शादी के बंधन में बंध गए। 

जापानी राजवंश में सिर्फ पुरुष ही गद्दी के उत्तराधिकारी होते हैं। इस नाते राजकुमारी माको के छोटे भाई राजकुमार हिसाहितो (14) इस वक्त अपने पिता आकिशिनो के अलावा गद्दी के इकलौते दावेदार हैं। जापान के शाही नियमों के अनुसार राजवंश से बाहर शादी करने वाली शाही महिलाओं के पुत्रों को गद्दी का उत्तराधिकारी नहीं माना जाता।